"अनपढ़ बहु"
दो साल पहले जब से घर में शौर्य की एमए पास पत्नी सृष्टि घर में आयी थी, कमला अपनी ५वीं तक पढ़ी बहु कौशल्या को रोज ही अनपढ़ होने के ताने मारती और उसके कामों में कमियां निकालती रहती और उधर सृष्टि भी अपनी पढ़ाई के घमंड में चूर कौशल्या से नौकरों जैसा व्यवहार करती थी | सारा दिन अपने कमरे में टीवी देखती रहती और घर के काम काज में बिलकुल भी हाथ न बँटाती |
कौशल्या का पति राजेश सरकारी स्कूल में अध्यापक था | नए सत्र के शुरू होने के साथ ही राजेश का स्थानांतरण दूसरे शहर में हो गया जहाँ से रोज आना जाना संभव नहीं था तो राजेश अपनी पत्नी बच्चों के साथ नये नियुक्ति स्थल पर चला गया |
कौशल्या का जाना तो जैसे कमला के लिए विपत्तियों की शुरुआत ही थी | सृष्टि, शौर्य के सामने तो कमला से बहुत मीठी बातें करती लेकिन उसकी पीठ पीछे कमला के साथ दुर्व्यवहार करती और घर का सारा काम उसी से करवाती | अब कमला को कौशल्या की प्रति किये गए व्यवहार पर खुद से ही ग्लानि होने लगी |
एक दिन सृष्टि के व्यवहार से तंग आकर आखिर कमला ने सृष्टि को खरी खोटी सुनाते हुए कह की दिया, "बहु, मेरी कौशल्या भले ही कम पढ़ी लिखी थी, लेकिन उसने बड़ों का हमेशा ही सम्मान किया | तेरी ऐसी पढ़ाई लिखाई किस काम की जिससे तेरे अन्दर मानवता के मूल्यों का विकास भी न हो पाया | जब से वो इस घर में आई थी मुझे एक गिलास पानी भी नहीं उठाने दिया, और तुम? तुम पढ़ी लिखी ज़रूर हो लेकिन जीवन के मूल्यों के सन्दर्भ में तो तुम निरी अनपढ़ ही हो |"
"सन्दीप कुमार"
मौलिक, अप्रकाशित
No comments:
Post a Comment