Monday, August 29, 2016

तुम वही हो

तुम वही हो ना,
जो अक्सर आकर मेरे कान में कुछ कहते हो,
मेरी तनहाइयों में कुछ गुनगुनाते हो,
जो मुझे ख्वाब देखने का बढ़ावा देते हो,
हाँ तुम वही तो हो,
जो अक्सर मेरी अंतरात्मा को झकझोरते हो,
मेरे मन के तारों को गुंजायमान करते हो,
मेरी भावनाओं को तरंगित करते हो
तुम वही हो ना,
जो चाहता है मैं संघर्ष करूँ,
जिसको हर पल हर लम्हा सोचूँ,
जो मेरी हर साँस खुद को ढूंढता है,
वही हो ना तुम,
जो मेरी यादों में रहना चाहते हो,
जो मेरी बातों में रहना चाहते हो,
जो मुझमे अपना अस्तित्व बनाना चाहता है,
तुम वही हो ना……..
“संदीप कुमार”

मेरे होने की वजह

आज इस राज से पर्दा उठा दे
मेरे होने की वजह मुझे बता दे
मेरी ज़िन्दगी की रातों की,
कब होगी सुबह बता दे,
हर तरफ अँधेरा है घना,
कैसे होगी रौशनी बता दे,
निराशाओं से मन घिर रहा है,
कोई तो आशा की किरण दिखा दे,
पत्तों की मानिंद उड़ रहा हूँ मैं,
मेरी उड़ान को कोई दिशा दिखा दे,
दूर क्षितिज में कोई बिंदु चमक रहा है,
उस बिंदु तक पहुचने की राह बता दे,
मेरा वजूद क्या है,
कौन हूँ मैं,
मेरी हकीकत क्या है,
मेरे हर सवाल का जवाब बता दे,
“संदीप कुमार”

रहमतें !

हँसी खुशी चल रही थी जिन्दगी
फिर वो काली रात आ गयी
नींव ही खुदी थी आशियाने की
भारी आँधी बरसात आ गयी
कोसते रहे इस मौसम को हम
मन में भीगने की बात आ गयी
भीगने निकले ही थे बाहर घर से
धूप भी हमारे ही साथ आ गयी
हर तरह खुद को ढाल लिया हमने
तोड़ने हर बार कायनात आ गयी
“सन्दीप कुमार “

“अधूरी सी कहानी तेरी मेरी – भाग – २ ”

“अधूरी सी कहानी तेरी मेरी – भाग – २ ”
* * * * * * * * * * * * * * * * *
पूरे एक महीने का इन्तजार था। इस दौरान तुलसी से बात होना भी सम्भव नही था। सोहित गिन गिन कर दिन गुजार रहा था । ऐसा कोई पल नही था जब सोहित ने तुलसी को सोचा न हो । प्रेम नगर की उस गली से सोहित के मन में प्रेम के बीज अंकुरित होने का आभास हो रहा था । उधर तुलसी भी कुछ सोच रही थी शायद। वो खुद से ही बात करते हुए कह रही थी, ” कैसा पागल था वो और कैसे बस हँसता ही जा रहा था ।” सोहित ने तुलसी को आकर्षित किया था या नही लेकिन उसकी हँसी जरूर अपना काम कर गयी थी ।
आखिरकार वो दिन भी आ ही गया जिसका सोहित बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहा था । कनकपुर जाते हुए वो मोबाइल टीम का काम देख रहा था कि एक टीम के पास तुलसी भी बैठी दिखाई दे गयी । सोहित ने बात करने के उद्देश्य से कहा,” आप अभी तक फील्ड में नही गयी? काम कब शुरू करोगे जब अभी तक यहीं पर बैठी हो।” तुलसी थोड़ा सा घबराते हुए बोली, “सर, अभी चाची नही आयी है, हमारा काम करने का समय 8:30 से शुरू होता है ।”
सोहित,” ठीक है, मै बाद में आता हूँ तुम्हारे फील्ड में और रिपोर्ट शीट में भी तभी हस्ताक्षर करूंगा ।” ऐसा कहकर वो कनकपुर को निकल गया ।
आज हफ्ते का पहला ही दिन था जबकि प्रेम नगर की तरफ का कार्यक्रम बुधवार का था इस बार । सोहित, तुलसी से मिल तो चुका था सो वो वापस नही आया । वहीं सोहित के जाने के बाद चाची आयी तो तुलसी ने उनको भी खरी खरी सुना दी कि जल्दी आया करो। और वो दोनों भी काम करने निकल गये। अगले दिन सोहित तुलसी से नही मिल पाया, क्योंकि जब तक वो अपने कार्यक्रम के अनुसार काम खत्म करके वापस लौटा तब तक तुलसी और चाची अपना काम खत्म करके घर जा चुकी थी ।
आज बुधवार था और सोहित जानबूझकर जल्दी ही प्रेम नगर पहुंच गया, उसे दूर से आते देखकर ही तुलसी ने चाची से कहा, “आज फिर आ रहा है कमीना, उस दिन तो लौटकर आया नही।” पता नही ये तुलसी की झुंझलाहट थी या बेचैनी, कहना मुश्किल था। तब तक सोहित भी नजदीक आ गया, तुलसी की मुस्कुराहट ने उसका स्वागत किया । सामान्य अभिवादन के पश्चात सोहित ने उनकी रिपोर्ट देखी तो पाया अभी सिर्फ 15 घरों का ही सर्वे किया था । सोहित ने ज्यादा बात न करते हुए बाकी के काम करने के लिए निकल गया । वो दोनो भी काम में लग गयीं।
अभी वो काम खत्म ही करने वाली थीं कि सोहित फिर आ धमका । सोहित इस बार उनके कार्यक्षेत्र से सर्वे पूरा करके आया था । उसने दोनों से कुछ सवाल जवाब किये और अपनी रिपोर्ट भी उनकी रिपोर्ट से मिलाया । कहीं भी कुछ अलग नही था, उनका काम अच्छा था। सोहित को दोबारा आता देखकर तुलसी के मन में घबराहट होने लगी थी जिसे सोहित ने भाँप लिया था । “आप लोगों का काम अच्छा है ।”, सोहित ने कहा । ये सुनकर तुलसी का चेहरा खिल उठा । वो चहक कर बोली , ” सर, हम तो अच्छा ही काम करते हैं। ” सोहित भी उसकी हाँ में हाँ मिलाता हुआ हँस दिया ।
इसके बाद दो दिन तक फिर सोहित तुलसी से नही मिल पाया । शनिवार आ पहुँचा था और आज सोहित तुलसी से मुलाक़ात जरूर करना चाहता था। उधर तुलसी भी सोच रही थी, “सर भी मेरी ही तरह हैं, मेरी ही तरह हमेशा हँसते ही रहते हैं। और कितने अच्छे से किसी बात को समझाते हैं।”
सोहित ने शनिवार का काम जल्दी से निपटाया और चल पड़ा प्रेम नगर की तरफ क्योंकि तुलसी के काम खत्म करने से पहले ही वहाँ पहुँचना आवश्यक था। उसे निराश नही होना पड़ा, तुलसी और चाची फील्ड में ही मिल गयीं। औपचारिकता के लिए उनकी रिपोर्ट देखी और सवाल जवाब किये। सोहित बोला,” आप लोग हमसे इतना डरते क्यों हो? हम लोग भी तो आप लोगों की ही तरह काम करते हैं । बस फर्क ये है कि हम तुम्हारे सर्वे किये हुए घरों को ही दोबारा विजिट करते हैं।”
चाची सामान्यतः कभी कोई उत्तर नहीं देती थी, तो तुलसी ने ही कहा, ” सर, सब लोग तो हमें आप लोगों का ही नाम लेकर डराते रहते हैं । हमें डर लगा रहता है गलती होगी तो पता नही आप लोग क्या करोगे । हमारी साथी बताती हैं कि बहुत डाँटते हो आप लोग।” “अरे हम लोग तो आप लोगों का ही काम सुधरवाने के लिये हैं, काम तो आप ही करते हो। और फिर जब काम सही किया है तो डरना कैसा । ” सोहित ने समझाते हुए कहा ।
इस बातचीत का तुलसी पर बहुत असर हुआ । और फिर से सोहित और तुलसी के अजन्मे प्रेम की जुदाई का समय आ पहुँचा । तुलसी के मन में सोहित के प्रति जो भय था निकलने लगा था अब और अब सोहित ‘कमीने’ से ‘सर’ हो गया था । तुलसी ने खुद ही कहा, ” अच्छे हैं सर।”
इधर सोहित ने अपनी रिपोर्ट मुख्यालय में भेजी और तुलसी के बारे में सोचता हुआ अपने घर की तरफ चल पड़ा । फोन नम्बर इस बार भी नही मांगा सोहित ने । अगले महीने का इन्तजार बार शुरू हो गया था सोहित के लिए और तुलसी अपनी नौकरी में लग गयी।
कितनी खूबसूरत होती हैं ये इन्तजार की घड़ियां भी । ………….
क्रमश :
” सन्दीप कुमार ”
१४/०७/२०१७

Monday, July 18, 2016

“अधूरी सी कहानी तेरी मेरी” भाग -1

दोस्तों एक प्रेम कहानी लिखने का प्रयास कर रहा हूँ, आज आप सभी के सामने प्रस्तुत है इस कहानी का पहला भाग।
“अधूरी सी कहानी तेरी मेरी” भाग -1
******************
मार्च २००७ की बात है , सोहित ने विश्व के जाने माने गैर सरकारी संस्था में नौकरी ज्वाइन की थी | उसको दिए गए क्षेत्र में जाकर वहां पर टीमों को बांटे गए काम का सर्वे करना था और हर शाम को अपनी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को देनी थी | पहले ३ दिन तो अपने वरिष्ठ और अनुभवी सहकर्मी के साथ ट्रेनिंग की | तीन दिन पश्चात् जिला मुख्यालय में पुनः साक्षात्कार लिया गया जिसमें सोहित को ट्रेनिंग में प्राप्त जानकारी से अधिकारी संतुष्ट हो गए और चौथे दिन से उसको स्वतंत्र रूप से फील्ड में जाने के लिए उत्तराखंड का सीमान्त क्षेत्र कनकपुर दिया गया |
आज सोहित का पहला दिन था और वो अपने कार्यक्षेत्र की ओर चला जा रहा था | अपने कार्यक्षेत्र में सर्वे के दौरान जब वो वनवासी क्षेत्र प्रेम नगर में सर्वे के लिए पहुँचा तथा टीम नम्बर 9 के सदस्यों तुलसी और पार्वती से मिला | तुलसी का हरदम मुस्कुराता हुआ चेहरा देखकर वो उससे अपनी नजर नहीं हटा पा रहा था | नए कर्मचारी को देखकर तुलसी भी कुछ बोल नहीं रही थी बस मुस्कुरा ही रही थी | सोहित भी तो उसी में खोया था |
किसी तरह सोहित ने अपने सर्वे का पहला सवाल पूछा, ” तुमने कितने घरों को विजिट कर लिया है ?” तुलसी अभी भी मुस्कुरा रही थी | पार्वती ने तुलसी को टोका तो वो बोली, ” सर, अभी ६० घर हम विजिट कर चुके हैं ” इस तरह करीब १० मिनट के सवाल जवाब चलते रहे और फिर कुछ घरों में सोहित भी उन्ही के साथ गया |
तुलसी, एक २१ वर्षीया खुशमिजाज नवयुवती | इकहरा बदन, नजर के चश्मे के पीछे से झांकती हुई बड़ी बड़ी खूबसूरत आँखें | हर बात का मुस्कुराते हुए जवाब देना उसकी आदतों में शुमार था | कंधे पर अपना ड्यूटी बैग लटकाए, एक हाथ में शीट लिए और दूसरे हाथ में पेन सम्हाले हुए बड़ी ही मासूम लग रही थी | उसका सादगीपूर्ण पहनावा उसकी ख़ूबसूरती को और भी बढ़ा रहा था | मुस्कुराने से मोतियों से चमकते दांत बहुत ही खूबसूरत लग रहे थे | पार्वती को तुलसी चाची कह कर पुकार रही थी |
पहली ही नजर में सोहित, तुलसी से अपना दिल हार बैठा था | वो बार बार उसके जेहन में आ रही थी और उसको गुदगुदा रही रही थी | सोहित बार बार सिर्फ तुलसी के ही बारे में सोच रहा था | किसी तरह उसने अपना दिन का काम पूरा किया और शाम को रिपोर्ट देकर घर लौट आया | लेकिन अभी भी तुलसी की छवि सोहित के मन में विराजमान थी | वो बड़ी बेसब्री से दूसरा दिन होने का इन्तजार कर रहा था |
दूसरे दिन सोहित ने सिर्फ तुलसी से मिलने और कुछ बात करने के उद्देश्य से सबसे पहले तुलसी की ही टीम को विजिट किया क्योकि उसे सुपरवाइजर से पता लगा था कि ये टीम जल्द ही काम ख़त्म करके घर चली जाती है और हमेशा सबसे अच्छा काम करती है | जैसे ही सोहित टीम के पास पहुंचा तुलसी की मधुर मुस्कान ने उसका स्वागत किया | और विजिट प्लान में न होते हुए भी सोहित ने उनकी टीम के साथ कुछ समय बिताया और फिर आगे का काम ख़त्म करने के लिए चल पड़ा |
इस तरह सर्वे के बाकी के दो दिन सोहित ने सिर्फ तुलसी को कुछ पल निहारने के लिए ही तुलसी की टीम को दो दो बार विजिट किया जबकि दोनों ही दिन इस टीम का काम विजिट प्लान में नहीं था | और फिर एक महीने का लम्बा इन्तजार आ गया क्योंकि तुलसी से मुलाक़ात सिर्फ सर्वे के दौरान ही हो सकती थी बाकी समय तुलसी अपनी नौकरी करती थी | सर्वे के लिए जिला स्तर से अल्पावधि के लिए सर्वे हेतु बाल विकास विभाग से इनको बुलाया जाता था | सोहित ने तुलसी से उसका फ़ोन नंबर भी नहीं लिया था। | ………………… ……………….
क्रमश :
सन्दीप कुमार
१४.०७.२०१६

http://sahityapedia.com/%e0%a4%85%e0%a4%a7%e0%a5%82%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%a4%e0%a5%87%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%b0%e0%a5%80-3872/

Wednesday, June 22, 2016

लघुकथा - "साइकिल"

लघुकथा - "साइकिल"
---------------------

आज रामू की बिटिया का जन्मदिन था और फटेहाल रामू एक नयी चमचमाती हुई साइकिल लेकर घर आया था जिसे देखते ही उसकी १२ वर्षीया बेटी रेनू उससे लिपट गयी और साइकिल से खेलने लगी | आवाज सुनकर रामू की पत्नी नंदा भी बाहर आ गयी, देखा घर में एक नयी छोटी साइकिल आई थी लेकिन रामू की साइकिल कहीं दिखाई नहीं दे रही थी |

नंदा ने पूछा ,"सुनो जी, तुम्हारी साइकिल कहीं दिखाई नहीं दे रही और तुम्हारे कपडे फटे हुए कैसे हैं ?"

नंदा का सवाल सुनते ही रामू की आँखों में सुबह का दृश्य घूम गया, जब वो जंगल से होकर काम पर जा रहा था और कुछ बदमाशों ने उससे मारपीट करके सारे पैसे छीन लिए थे जो उसने अपनी बेटी की साइकिल के लिए पूरे एक साल तक मेहनत करके बचाए थे जिसके लिए उसकी बेटी कई दिनों से जिद कर रही थी क्योकि उसको २ किमी दूर स्कूल में पढने पैदल ही जाना पड़ता था | और कैसे वो आज अपनी साइकिल बेचकर और कुछ पैसे उधार करके साइकिल खरीद ही लाया था |

रामू को सोच में डूबा देख नंदा ने अपना सवाल दोहराया तो रामू ने कहा, "रास्ते में भी कितने गड्ढे हो गए हैं चलना भी मुश्किल हो गया है, सुबह साइकिल से गिर गया था तो साइकिल में टूट फूट हो गयी थी, मिस्त्री को दे आया हूँ बोल रहा था सामान नहीं है हफ्ते भर बाद ही ठीक हो पाएगी |" और साइकिल पाकर खुश होती बेटी के सर पर हाथ फेरकर लाड करने लगा और खारे पानी की आँखों से बाहर आती हुई बूंदों को अपने अन्दर ही छुपा गया |

"सन्दीप कुमार"
मौलिक और अप्रकाशित 

Tuesday, June 14, 2016

यूँ ही कभी कभी - २
१.
दिले-ऐ-नादान को सुकून की तलाश है 
जो बंद है तेरे चन्द अल्फाजों के भीतर |

२.
दीदार-ऐ-यार को तरस रही थी आँखें 
तेरी तस्वीर देख के कुछ सुकून आया |

३.
हर सांस के साथ एक आह सी निकलती है 
तेरे चेहरे पे जब मायूसी का आलम होता है |

४.
फ़रिश्ते मंडरा रहे थे मेरी जाँ ले जाने को
आब-ऐ-हयात बनकर तेरी दुआ आ गयी |

५.
तेरी एक अदद मुस्कराहट का तलबगार है ये दिल 
 कानों को तेरी बढ़ी हुई धडकनों ने बेचैन किया है |

६.
तुझसे दूरी का सोचना भी दिल को तकलीफ देता है 
तुम हो की बात बात पर दूर जाने की बात करते हो |

७.
तुमने जो जज़्बात छुपाये हैं मुखौटे के पीछे 
बता दो तुम्हारी इस बेरुखी की वजह क्या है |

८.
तुझे क्या मालूम कितना कितना डरते हैं तुझे खोने से 
हर सांस पे जान निकलती है तुझे खोने के एहसास से |

९.
तुम जा तो रहे हो मुझसे मुंह फेरकर
क्या हो अगर हम फिर दिखे ही नहीं |

१०.
हालातों के हाथों मजबूर खिलौना हूँ मैं 
वर्ना छीन लिया होता तुझे जहां वालों से |

११.
तुझे खबर है अपनी जान का दुश्मन नहीं हो सकता मैं 
मेरी जान अमानत है तेरी जो मेरे पास महफूज रखी है |

१२.
मुहूर्त निकला है घर जा के बयाँ करेंगे दिल के जज़्बात 
क्या हो ग़र खुदा ने मुझे मोहलत ही न दी तेरे जाने तक |

१३.
मेरे खुदा मुझे मोहलत बख्श देना चन्द लम्हातों की  
मैं निगहबान हूँ मेरी जान अमानत है किसी और की |

"सन्दीप कुमार"