Wednesday, June 22, 2016

लघुकथा - "साइकिल"

लघुकथा - "साइकिल"
---------------------

आज रामू की बिटिया का जन्मदिन था और फटेहाल रामू एक नयी चमचमाती हुई साइकिल लेकर घर आया था जिसे देखते ही उसकी १२ वर्षीया बेटी रेनू उससे लिपट गयी और साइकिल से खेलने लगी | आवाज सुनकर रामू की पत्नी नंदा भी बाहर आ गयी, देखा घर में एक नयी छोटी साइकिल आई थी लेकिन रामू की साइकिल कहीं दिखाई नहीं दे रही थी |

नंदा ने पूछा ,"सुनो जी, तुम्हारी साइकिल कहीं दिखाई नहीं दे रही और तुम्हारे कपडे फटे हुए कैसे हैं ?"

नंदा का सवाल सुनते ही रामू की आँखों में सुबह का दृश्य घूम गया, जब वो जंगल से होकर काम पर जा रहा था और कुछ बदमाशों ने उससे मारपीट करके सारे पैसे छीन लिए थे जो उसने अपनी बेटी की साइकिल के लिए पूरे एक साल तक मेहनत करके बचाए थे जिसके लिए उसकी बेटी कई दिनों से जिद कर रही थी क्योकि उसको २ किमी दूर स्कूल में पढने पैदल ही जाना पड़ता था | और कैसे वो आज अपनी साइकिल बेचकर और कुछ पैसे उधार करके साइकिल खरीद ही लाया था |

रामू को सोच में डूबा देख नंदा ने अपना सवाल दोहराया तो रामू ने कहा, "रास्ते में भी कितने गड्ढे हो गए हैं चलना भी मुश्किल हो गया है, सुबह साइकिल से गिर गया था तो साइकिल में टूट फूट हो गयी थी, मिस्त्री को दे आया हूँ बोल रहा था सामान नहीं है हफ्ते भर बाद ही ठीक हो पाएगी |" और साइकिल पाकर खुश होती बेटी के सर पर हाथ फेरकर लाड करने लगा और खारे पानी की आँखों से बाहर आती हुई बूंदों को अपने अन्दर ही छुपा गया |

"सन्दीप कुमार"
मौलिक और अप्रकाशित 

Tuesday, June 14, 2016

यूँ ही कभी कभी - २
१.
दिले-ऐ-नादान को सुकून की तलाश है 
जो बंद है तेरे चन्द अल्फाजों के भीतर |

२.
दीदार-ऐ-यार को तरस रही थी आँखें 
तेरी तस्वीर देख के कुछ सुकून आया |

३.
हर सांस के साथ एक आह सी निकलती है 
तेरे चेहरे पे जब मायूसी का आलम होता है |

४.
फ़रिश्ते मंडरा रहे थे मेरी जाँ ले जाने को
आब-ऐ-हयात बनकर तेरी दुआ आ गयी |

५.
तेरी एक अदद मुस्कराहट का तलबगार है ये दिल 
 कानों को तेरी बढ़ी हुई धडकनों ने बेचैन किया है |

६.
तुझसे दूरी का सोचना भी दिल को तकलीफ देता है 
तुम हो की बात बात पर दूर जाने की बात करते हो |

७.
तुमने जो जज़्बात छुपाये हैं मुखौटे के पीछे 
बता दो तुम्हारी इस बेरुखी की वजह क्या है |

८.
तुझे क्या मालूम कितना कितना डरते हैं तुझे खोने से 
हर सांस पे जान निकलती है तुझे खोने के एहसास से |

९.
तुम जा तो रहे हो मुझसे मुंह फेरकर
क्या हो अगर हम फिर दिखे ही नहीं |

१०.
हालातों के हाथों मजबूर खिलौना हूँ मैं 
वर्ना छीन लिया होता तुझे जहां वालों से |

११.
तुझे खबर है अपनी जान का दुश्मन नहीं हो सकता मैं 
मेरी जान अमानत है तेरी जो मेरे पास महफूज रखी है |

१२.
मुहूर्त निकला है घर जा के बयाँ करेंगे दिल के जज़्बात 
क्या हो ग़र खुदा ने मुझे मोहलत ही न दी तेरे जाने तक |

१३.
मेरे खुदा मुझे मोहलत बख्श देना चन्द लम्हातों की  
मैं निगहबान हूँ मेरी जान अमानत है किसी और की |

"सन्दीप कुमार"

Sunday, June 12, 2016

मेट्रो कल्चर

========
  मेट्रो कल्चर 
========

शाम के ५:३० बजे संजना और रंजीता जब राजीव चौक पर मेट्रो में चढ़ी तो उनको सामने "For Senior Citizen" वाली सीट खाली दिखी | वो उसी पर बैठ गयीं और कान में फ़ोन के हैडफ़ोन की लीड लगाकर गीत सुनते हुए कोई अंग्रेजी नावेल पढ़ने लगीं | तब तक मेट्रो मंडी हाउस स्टेशन पहुँच चुकी थी |
 
जब मेट्रो मंडी हाउस से चली तो अंजलि गोद में एक दो माह का बच्चा लिए और एक  ६०-६५ साल के बुजुर्ग  उनके सामने खड़े हो गये | दोनों सहेलियों ने नजर उठायी तो अंजलि ने बड़ी ही उम्मीद से देखा लेकिन वो दोनों पुनः अपनी किताबों में खो गयी | उनसे आगे दो और लड़कियां बैठी थी उन्होंने भी बुजुर्ग और अंजलि को नजर अंदाज कर दिया |

उसी सीट पर ५० वर्षीय रमाकांत जी भी बैठे हुए थे उन्होंने खुद खड़े होकर अंजलि को बैठा दिया | अंजलि ने उनको बहुत धन्यवाद दिया | और रमाकांत जी पास खड़े बुजुर्ग से बतियाते हुए बोले , " आजकल के बच्चे क्या सीख हैं आजकल के बच्चे | पता नहीं ये कौन सा कल्चर है ? सामने बुजुर्ग खड़े हैं, या कोई महिला छोटे बच्चे को गोद में लिए खड़ी है, इनको कोई फ़िक्र ही नहीं है| कान बंद कर लिए, और मगन हो गए अंग्रेजी नोवेल्स में या फ़ोन में |

मेट्रो में आटोमेटिक उद्घोषणा लगातार बजे जा रही थी "महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विकलांगों की सीटों पर न बैठें", "कृपया ज़रूरतमंद को पहले बैठने दें " || 


"सन्दीप कुमा

Friday, June 10, 2016

"अनपढ़ बहु"

"अनपढ़ बहु"

दो साल पहले जब से घर में शौर्य की एमए पास पत्नी सृष्टि घर में आयी थी, कमला अपनी ५वीं तक पढ़ी बहु कौशल्या को रोज ही  अनपढ़ होने के ताने मारती और उसके कामों में कमियां निकालती रहती और उधर सृष्टि भी अपनी पढ़ाई के घमंड में चूर कौशल्या से नौकरों जैसा व्यवहार करती थी | सारा दिन अपने कमरे में टीवी देखती रहती और घर के काम काज में बिलकुल भी हाथ न बँटाती |
 
कौशल्या का पति राजेश सरकारी स्कूल में अध्यापक था | नए सत्र के शुरू होने के साथ ही राजेश का स्थानांतरण दूसरे शहर में हो गया जहाँ से रोज आना जाना संभव नहीं था तो राजेश अपनी पत्नी बच्चों के साथ नये नियुक्ति स्थल पर चला गया |

कौशल्या का जाना तो जैसे कमला के लिए विपत्तियों की शुरुआत ही थी | सृष्टि, शौर्य के सामने तो कमला से बहुत मीठी बातें करती लेकिन उसकी पीठ पीछे कमला के साथ दुर्व्यवहार करती और घर का सारा काम उसी से करवाती | अब कमला को कौशल्या की प्रति किये गए व्यवहार पर खुद से ही ग्लानि होने लगी |
 
एक दिन सृष्टि के व्यवहार से तंग आकर आखिर कमला ने सृष्टि को खरी खोटी सुनाते हुए कह की दिया, "बहु, मेरी कौशल्या भले ही कम पढ़ी लिखी थी, लेकिन उसने बड़ों का हमेशा ही सम्मान किया | तेरी ऐसी पढ़ाई लिखाई किस काम की जिससे तेरे अन्दर मानवता के मूल्यों का विकास भी न हो पाया | जब से वो इस घर में आई थी मुझे एक गिलास पानी भी नहीं उठाने दिया, और तुम? तुम पढ़ी लिखी ज़रूर हो लेकिन जीवन के मूल्यों के सन्दर्भ में तो तुम निरी अनपढ़ ही हो |" 

"सन्दीप कुमार"

मौलिक, अप्रकाशित

Friday, June 3, 2016

सोनागाछी - कमाठीपुरा - जीबी रोड

सोनागाछी - कमाठीपुरा - जीबी रोड

सोनागाछी - कोलकाता, कमाठीपुरा - मुंबई, जीबी रोड - दिल्ली, ये नाम बहुत जाने पहचाने से लगते हैं | इन पर कितने ही बार प्रोग्राम बने हैं और डिस्कवरी चैनल, नेशनल जियोग्राफिक चैनल पर कितनी ही बार टेलीकास्ट हुए हैं | कितनी ही बार खबरिया चैनलों पर प्राइम टाइम में स्पेशल रिपोर्ट दिखाई गयी है और न जाने कितनी ही बार समाचार पत्रों में इनके बारे में लिखा जा चुका है | 

इनके नाम सुनकर लगता है ये जगहें बहुत खास होंगी | जरूर यहाँ पर कोई ऐतिहासिक धरोहर होगी जो सभी इस ओर खींचे चले आते हैं | लगभग पूरे देश में ये नाम जाने और पहचाने जाते होंगे | जितने भी वयस्क इन नामों से परिचित हैं वो ये भी जानते हैं कि इन जगहों का नाम इतना क्यों है ?  जो लोग पहली बार दिल्ली, कोलकाता, मुंबई जाते हैं इन जगहों पर जाकर ज़रूर देखना चाहते हैं |

दरअसल ये नाम हमारे देश पर बदनुमा दाग हैं | जो एक ऐसे काम के नाम से जाने जाते हैं जो कि हमारे देश में अभी तक गैरकानूनी है | ये देहव्यापार की देश की सबसे बड़ी मंडियां हैं | यहाँ पर खुले आम जिस्मफरोशी का काला धंधा चलता है | 

मुझे हैरानी होती है जब हमारे देश में देह व्यापार को कानूनी मान्यता ही नहीं है तो फिर ये इतने खुलेआम चल कैसे रहा है | जहाँ तक मेरा अंदाजा है दूर दराज के छोटे छोटे से गाँवों से भोली भाली लड़कियों को बहला फुसलाकर, नेपाल से तस्करी के माध्यम से, या कहीं से छोटी छोटी बच्चियों अपहरण करके, प्यार के जाल में फंसाकर  यहाँ लाकर इस धंधे में डाल दिया जाता है और ये मासूम लड़कियां यहाँ नरक जैसी ज़िन्दगी जीने को मजबूर होती हैं |
कोलकाता और मुंबई तो मैं नहीं गया लेकिन मैं कुछ सालों तक दिल्ली में ज़रूर रहा हूँ | इस बीच मुझे एक बार जीबी रोड जाने का अवसर मिला | वहां जो मैंने देखा उसे देखकर मैं हैरान था | मैं अपने बॉस की गाड़ी से ड्राईवर के साथ उस रोड से निकला तो ड्राईवर ने मुझसे पूछा, " सर, आपको पता है ये कौन सी जगह है ?" मेरे न में जवाब देने पर उसने बताया कि हम जीबी रोड पर हैं | मैंने भी जीबी रोड का नाम पहले सुन रखा था लेकिन वहां जाने का पहला अवसर था | मैंने नजर उठाकर ऊपर खिडकियों की तरफ देखो | मैंने देखा, लगभग हर खिड़की पर लड़कियां और औरतों के समूह थे जिनका कमर से ऊपर का ही हिस्सा दिखाई दे रहा था | वो सभी लड़कियां/स्त्रियाँ  अंतःवस्त्रों में खिडकियों के पास खड़ी थी और ग्रिल वाली खिडकियों से हाथ बाहर निकाल कर लोगों को अपने पास आने का इशारा कर रही थी | वही एक जगह का नजारा तो निराला ही था | उस जगह पर सड़क के एक तरफ खिडकियों से ये इशारेबाजी हो रही थी वहीँ सड़क के दूसरी ओर पुलिस चौकी भी थी |

ये देखकर तो मेरा सर ही घूम गया | ये क्या हो रहा है | मैं सोच रहा था क्या ये वाकई में गैरकानूनी काम है जो इतने खुले आम थाने के ही सामने चल रहा है | न जाने कितने ही परिवारों की इज्जत इन कोठों में क़ैद होंगी ? कितने ही परिवार अपनी बच्चियों के गुमशुदा होने की तारीख अभी तक याद करते होंगे ? क्या हमारा कानून इतना सस्ता है जो इन सबको इस नरक से मुक्ति नहीं दिलवा सकता बल्कि अपने ही सामने इस कुकृत्य को होते हुए देखता है | 

इन जिस्म की मंडियों में रोज न जाने कितनी ही आहें और कराहें उठती होंगी और हर दिन कितने ही अरमानों का क़त्ल होता होगा | कितने ही ख़्वाबों की कब्रगाह होंगी ये मंडियां और इन जैसी और भी मंडियां | ये तो सिर्फ तीन नाम हैं, जो अक्सर सुनने में आते हैं | अभी कुछ दिनों पहले में एक लेख पढ़ रहा था जिसमे भारत की टॉप १० देह व्यापार मंडियों के नाम दिए थे | जब मैंने उसमे धर्मनगरी बनारस का भी नाम देखा तो मेरे आश्चर्य की कोई सीमा ही नहीं रही |अगर इन मंडियों की खाक छानी जाए तो कितने ही परिवारों की खुशियाँ लौट आयें और कितनी ही बच्चियों के लबों की मुस्कान वापस आ जाए | 

मेरे मन में आज भी एक ही सवाल है जब जिस्मफरोशी गैरकानूनी है तब भी ये जिस्म की मंडियाँ कैसे इस तरह से बेख़ौफ़ होकर चल रही हैं |

ये विडियो मैंने नेट से साभार लिया गया है जो आपको जीबी रोड की कुछ झलक तो दिखला ही देगा :


सन्दीप कुमार 

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित 

Thursday, June 2, 2016

बाल मजदूरी

"बाल मजदूरी"

"छोटू, चाय लाना और  राहुल बाबा  के  लिए हॉर्लिक्स वाला  दूध  भी ले आना", आकाश ने १० वर्षीय सोनू को आवाज लगायी | राहुल ने कहा, " पापा मुझे खेलने जाना है, मुझे नहीं करनी अब शूटिंग |" आकाश ने राहुल को डांटते हुए कहा, " चुपचाप शूटिंग करो, स्कूल में तो खेलते ही रहते हो |" 
 
इसी बीच  १५  मिनट बाद  ही इकहरे  बदन  का एक  सांवला  सा लड़का निक्कर और  बनियान  पहने  और कंधे पर अंगोछा  टाँगे हुए चाय और दूध लेकर आ गया | उसको जाते  हुए  देखकर आकाश खुद  से  ही  बोला, "पता  नहीं कैसे  माँ बाप हैं  जो  चन्द रुपयों  की खातिर बच्चों  से काम  करवाते हैं!" तभी पीछे  से आवाज आयी, " आकाश  साहब, राहुल बाबा  का शॉट रेडी है |"

"सन्दीप कुमार"